
बिलासपुर। जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सरकंडा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे किसान पारा क्षेत्र में जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹47,900 नगद राशि एवं 52 पत्ती ताश जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौर्य कॉम्प्लेक्स के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 6 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र देवांगन निवासी रपटा चौक सरकंडा, हरिओम साहू निवासी शर्मा विहार सरकंडा, दुर्गेश यादव निवासी मनोहर टॉकीज के पास थाना कोतवाली, राजू सोनकर निवासी देवान्चल सरकंडा, गोवर्धन साहू निवासी एकता कॉलोनी सरकंडा तथा रितेश शर्मा निवासी शर्मा विहार सरकंडा शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नगदी रकम एवं ताश पत्तों को जब्त कर लिया है।
सरकंडा थाना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि, जुआ या सट्टा की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
